कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (83 साल) को मंगलवार को बेंगलुरु एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके बेटे और कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने बुधवार X पर इसकी जानकारी दी। प्रियांक ने लिखा- मल्लिकार्जुन खड़गे को पेसमेकर लगाने की सलाह दी गई है और उन्हें पहले से प्लानिंग के तहत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और वे बेहतर महसूस कर रहे हैं। आपकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं। प्रियांक से पहले पार्टी सूत्रों ने PTI को बताया कि खड़गे को मंगलवार को बुखार और पैर में दर्द की शिकायत के बाद बेंगलुरु के एमएस रमैया अस्पताल ले जाया गया। वहां के डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को खड़गे से अस्पताल जाकर मुलाकात की। बाद में पत्रकारों को बताया- उन्हें थोड़ी बेचैनी हो रही थी। वे अब ठीक हैं। बात कर रहे हैं। उन्हें कल छुट्टी दे दी जाएगी। पिछले साल जम्मू में भाषण के दौरान बेहोश हो गए थे खड़गे मल्लिकार्जुन खड़गे पिछले साल 29 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मंच पर बेहोश हो गए थे। भाषण देते हुए खड़गे की आवाज धीमी होती चली गई और अचानक वे बेसुध हो गए। इसके चलते भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। मंच पर खड़े लोगों ने उन्हें सहारा देकर बैठाया। इसके बाद उनके भाषण को रोक दिया गया। तबीयत ठीक होने के बाद खड़गे वापस मंच पर आए और कहा कि मैं 83 साल का हो गया हूं…
Read More